अलीगढ़  : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पिछड़ों, गरीबों के कल्याण और राम मंदिर निर्माण के बाबूजी (कल्याण सिंह) के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा किया है। सोमवार को यहां प्रदर्शनी मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की दूसरी पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित हिंदू गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि जब बाबूजी उप्र के मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को गति दी, गरीबों के कल्याण के भाजपा के विचार को जमीन पर उतारा और सामाजिक सद्भाव बिगाड़े बगैर पिछड़े समाज के लोगों के कल्याण को अपना लक्ष्य बनाया। मुझे खुशी है कि जो शुरुआत बाबूजी करके गए थे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले नौ वर्षों में उसे पूरा किया।

अमित शाह ने 'भारत माता की जय'और 'जय श्रीराम' के नारों के बीच कल्?याण सिंह को श्रद्धांजलि दी और कहा  कि दिल्ली से आज एक ही काम के लिए आया हूं। भाजपा के वरिष्ठ नेता, राम भक्त और पिछड़ों के कल्याण के लिए उप्र में कार्यक्रम शुरू करने वाले कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने आया हूं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के जीवन में कुछ पल आते हैं, जो उस व्यक्ति का परिचय करा देते हैं। बाबूजी के जीवन में ऐसे पल आए। राम भक्तों का सैलाब अयोध्या में उमड़ पड़ा। लोगों ने दबाव बनाया कि गोलियां चलाकर कारसेवकों को रोका जाए। बाबूजी ने उस पल निर्णय लिया - मैं गोली नहीं चलाऊंगा, मैं मुख्यमंत्री पद त्याग दूंगा।

शाह ने कहा कि बाबूजी वैचारिक प्रतिबद्धता, प्रशासनिक कुशलता और पिछड़ों और गरीब के प्रति अति संवेदना के प्रतीक थे। अमित शाह ने राम मंदिर के प्रति उनकी आस्था का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी जी ने जब श्री राम मंदिर का शिलान्यास किया उस समय मैं कोरोना के कारण अस्पताल में था। उस दिन मैंने बाबूजी को फोन किया तो उन्होंने कहा था- मेरा जीवन धन्य हो गया, मेरे जीवन का लक्ष्य पूरा हो गया।  शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण का काम अधूरा था। कांग्रेस पार्टी आजादी के बाद से राम जन्म भूमि के मसले को अटका रही थी, भटका रही थी, लटका रही थी।

शाह ने कहा कि आज हम सबको खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2024 के आरंभ में रामलला साढ़े पांच सौ साल बाद अपने घर के अंदर, अपने भव्य मंदिर में बिराजेंगे। उस दिन दुनिया भर के राम भक्तों में संतोष और गौरव का भाव होगा। उन्होंने उम्मीद जताई की 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करके 73 सीटों पर जीत का पिछला रिकॉर्ड तोड़ेगी।