बलिया : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के भारत छोड़ो आंदोलन वाले बयान पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि सपा अपनी नीतियों से भटकी हुई है, यह असली समाजवादी नहीं है, सपा में गुंडे-माफिया को पुष्पित पल्लवित करने वाले लोग हैं। उप मुख्यमंत्री ने शनिवार को बलिया बलिदान दिवस समारोह से इतर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि सपा डीरेल्ड (पटरियों से उतरी हुयी) है, वह अपनी नीतियों से भटकी हुई है। यह असली समाजवादी नहीं है। सपा में गुंडे माफिया को पुष्पित पल्लवित करने वाले लोग हैं। उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोक जागरण अभियान के तहत शुक्रवार को फतेहपुर में समाजवादी पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा के लोगों और उनके मातृ संगठन (आरएसएस) ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया था।