वाराणसी : यूपी में कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने गृह जिले वाराणसी पहुंचे अजय राय का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान अजय राय ने कहा कि डंके की चोट पर कांग्रेस 2024 का लोकसभा चुनाव जीतेगी। कहा कि राहुल गांधी का संदेश घर-घर पहुंचाया जाएगा। अजय राय ने कहा कि मै राहुल गांधी का सिपाही हूं। शीर्ष नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। कांग्रेस मेरे लिए सिर्फ पार्टी ही नहीं बल्कि मां के समान है। मैं पूरे प्रण और प्राण के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करूंगा। अजय राय ने अपनी भावी योजनाओं पर कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर जमीनी कार्यकर्ताओं को महत्व देना, संगठन को क्रियाशील बनाना, दलितों, किसानों, महिलाओं युवाओं और मध्यवर्ग के लोगों को कांग्रेस से जोडऩा मेरा मुख्य लक्ष्य होगा।

मेरा पहला लक्ष्य संगठन और 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की शानदार वापसी को सुनिश्चित करना है। इससे पहले वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर अजय राय का स्वागत करने के लिए भारी हुजूम उमड़ा। कांग्रेसजनों ने हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष के साथ अपने नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। अजय राय के स्वागत के लिए वाराणसी के साथ ही जौनपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, जौनपुर, भदोही, चंदौली, कौशांबी आदि जिलों से भी जिला एवं महानगर अध्यक्ष और कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। अजय राय का ढोल नगाड़े के साथ पूरी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

अजय राय के प्रथम काशी आगमन पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के साथ साथ सभी फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों, विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने बुके एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अजय राय को ऐसे समय पर कांग्रेस की जिम्मेदारी दी गई है, जब यूपी में पार्टी की हालत बेहद खराब है। लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव, यहां तक कि निकाय चुनावों में भी कांग्रेस की हालत नहीं सुधर सकी है। ऐसे में अजय राय के सामने कई चुनौतियां हैं। अजय राय की गिनती पूर्वांचल के कद्दावर नेताओं में होती है। वह पांच बार वाराणसी की पिंडरा सीट से विधायक रहे हैं। उन्होंने पहली बार 1996 में कोलअसला सीट जीती थी। तब उन्होंने लगातार नौ बार से विधायक बन रहे भाकपा नेता उदल और अपना दल अध्यक्ष सोने लाल पटेल को हराया था।