रांची : झारखंड के हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री 14 अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश नहीं होंगे। वे जांच एजेंसी से समय मांगेंगे। इस मुद्दे में शुक्रवार देर शाम सीएम आवास में उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें यह सहमति बनी। जांच एजेंसी ने जमीन घोटाला मामले में पूछताछ के लिए सीएम को समन जारी कर बुलाया है। बैठक में महाधिवक्ता राजीव रंजन, सीएम के सचिव विनय कुमार चौबे, झामुमो के वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्य, विनोद कुमार पांडेय आदि शामिल हुए।

कानूनी पक्षों पर महाधिवक्ता की राय ली गई। इसके बाद तय हुआ कि सीएम जांच एजेंसी से समय मांगेंगे। पिछली बार भी सीएम को जब पूछताछ के लिए बुलाया गया था तो उन्होंने समय मांगा था। जांच एजेंसी ने समय भी दिया था। फिर दूसरे समन पर वे पूछताछ के लिए पेश हुए थे। सूत्रों के अनुसार इस बार मुख्यमंत्री 15 अगस्त, डुमरी उपचुनाव का हवाला देकर समय मांग सकते हैं। डुमरी उपचुनाव को लेकर शनिवार को राज्य के महागठबंधन की पहली बैठक हुई। इसमें तय हुआ कि बेबी देवी महागठबंधन की प्रत्याशी होंगी। वह 17 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगी।

इसमें मुख्यमंत्री सहित गठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। सीएम आवास पर करीब दो घंटे चली बैठक के बाद मंत्री आलमगीर आलम ने कहा-इस चुनाव में झारखंड का गठबंधन इंडिया गठबंधन को जीत का तोहफा देगा। यह जीत स्व. जगरनाथ महतो के प्रति श्रद्धांजलि होगी। चुनाव में आजसू-भाजपा गठबंधन का प्रत्याशी होने के सवाल पर नेताओं ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। मांडर उपचुनाव में भी भाजपा-आजसू साथ मिलकर लड़ी थी, लेकिन जीत कांग्रेस को मिली। इसलिए डुमरी में भी हमें अपने परंपरागत वोटें मिलेंगे और जीत का परचम लहराएंगे। वहां सांसद विजय हांसदा ने कहा कि डुमरी के अगल-बगल के प्रखंडों के नेताओं को भी उपचुनाव में लगने का निर्देश दिया गया है। चुनावी सभाएं कब कहां-कहां होगी, इसकी रणनीति अब तय की जाएगी।