जयपुर : कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी आसानी से एक बार फिर से जीत दर्ज करेगी। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य की कल्याणकारी योजनाओं को मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि वह राज्य सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता, भाजपा पर भरोसा नहीं करने वाली है। वह यहां पार्टी के लोकसभा पर्यवेक्षकों तथा राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।
वेणुगोपाल ने कहा कि एक ही बात कहना चाहता हूं कि हम राजस्थान में निश्चित रूप से एक बार फिर जीतने जा रहे हैं। राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य सरकार की चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री सिलेंडर योजना, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) आदि का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी का चुनाव का मुख्य मुद्दा राज्य सरकार की गरीबों के कल्याण वाली योजनाएं रहेंगी। वेणुगोपाल ने पूछा, और किस राज्य में आप गरीबों के लिए इतनी सारी योजनाएं देखते हैं। उन्होंने कहा कि यहां लड़ाई गरीब व अमीर के बीच है। कांग्रेस आम लोगों के साथ है। भाजपा अमीर लोगों के साथ है।
राजस्थान में लड़ाई गरीब बनाम अमीर होगी। हमें पूरा भरोसा है कि हम यह विधानसभा चुनाव आराम से जीतेंगे। पार्टी की बैठकों के बारे में उन्होंने कहा कि आज हमारी सभी नेताओं के साथ बैठक हुई जिसमें उन्होंने बात रखी। सभी राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर आश्वस्त हैं। जनता खुश हैं। भाजपा राज्य सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है लेकिन जनता उन पर भरोसा नहीं करने वाली। हम यह चुनाव जीतेंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए कर्नाटक मॉडल लागू किया जाएगा और उम्मीदवारों की एक सूची सितंबर के आखिरी सप्ताह या अक्तूबर के पहले सप्ताह में जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सबकी एक राय है कि सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे राजस्थान में।
कोई मनमुटाव नहीं है, मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि छोटे-मोटे मतभेद तो हिंदुस्तान में किस राजनीतिक पार्टी में नहीं होते हैं। पर सबकी मंशा एक है।हमें चुनाव जीतना है और सरकार फिर बनानी है। उस पर सबकी एक राय है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के चुनाव केवल राजस्थान के लिए नहीं हैं ये चुनाव देश के भविष्य को लेकर हैं।
गहलोत ने फिर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनकी सरकार गिराने की कोशिश की थी लेकिन यह जनता के आशीर्वाद से बच गई। उन्होंने कहा कि (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी जी और (गृह मंत्री) अमित शाह जी की इच्छा पूरी नहीं हुई, उनके दिल में आग लगी हुई हैं ।वो जब सरकार नहीं गिरने दी। बाद में इन्होंने और प्रयास किया, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला कि कामयाब हो। वो आग आज भी इनके दिलों में लगी हुई है, कि वो बदला लेंगे, इन चुनाव में।