इस्लामाबाद : पाकिस्तान के निवर्तमान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ नेशनल असेंबली के भंग होने के बाद बृहस्पतिवार को परामर्श शुरू करेंगे और चुनाव की निगरानी को लेकर अंतरिम प्रधानमंत्री के नाम को अंतिम रूप देने के लिए विपक्ष के नेता राजा रियाज से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अलीव ने प्रधानमंत्री की सलाह पर बुधवार को नेशनल असेंबली को उसके वैधानिक कार्यकाल की समाप्ति से पहले भंग कर दिया।
पाकिस्तान निर्वाचन आयोग (ईसीपी) को चुनाव आयोजित करने के लिए अतिरिक्त समय देने के मकसद से यह कदम उठाया गया है। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज अंतरिम नेता के नाम पर चर्चा करने के लिए विपक्ष के नेता रियाज से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के पास एक नाम पर सहमति बनाने के लिए तीन दिन का समय है। अन्यथा भंग नेशनल असेंबली के अध्यक्ष एक राय बनाने के लिए आठ सदस्यीय समिति नियुक्त करेंगे, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के चार-चार विधायक शामिल होंगे।
दोनों पक्ष प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता, शीर्ष पद के लिए अधिकतम दो नाम आगे बढ़ा सकते हैं। समिति के पास सहमति बनाने के लिए तीन दिन का समय होता है और अगर यह विफल रहती है, तो इसकी बैठकों के दौरान विचार किए गए सभी नामों को ईसीपी को भेजा जाएगा जो 48 घंटों के भीतर उनमें से किसी एक को अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त करेगा। यही प्रक्रिया उन प्रांतों में दोहराई जाती है जहां मुख्यमंत्री स्थानीय विपक्षी नेताओं के साथ इस प्रक्रिया का नेतृत्व करते हैं।