समस्तीपुर : चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज पद यात्रा के संयोजक प्रशांत किशोर ने एक बार फिर से नीतीश कुमार तंज कसा है। समस्तीपुर में पदयात्रा के दौरान जब पत्रकारों ने उनसे कहा कि नीतीश कुमार यूपी के फूलपुर से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं, जिस पर प्रशांत किशोर ने कहा कि फूलपुर छोडि़ए, नीतीश के अंदर बिहार में चुनाव लडऩे की हिम्मत नहीं, किसी को याद भी है नीतीश ने अंतिम बार कब चुनाव लड़ा था? पीके ने कहा कि नीतीश कुमार अब जीवन में चुनाव लडऩे की हिम्मत नहीं कर सकते, लाइए लिखकर दे दें।

आज की तारीख में वो किसी गांव में बिना सुरक्षा के चल नहीं सकते, हाल ही में उन्होने समाधान यात्रा की थी, पूरे प्रशासन की चिंता सिर्फ ये थी कि किसी तरह उनकी यात्रा निपट जाए, हीं लाठी-डंडा न चले, जूता-चप्पल न चलें, काला झंडा न दिखाया जाए। पिछली बार नीतीश जी कब चुनाव लड़े आपको याद है। नीतीश कुमार ने चुनाव लडऩा वर्षों पहले ही छोड़ दिया है। बिहार में उनकी चुनाव लडऩे की हिम्मत नहीं है, फूलपुर में चुनाव लड़ेंगे। आपको बता दें  यूपी के जौनपुर में जेडीयू कार्यकर्ताओं का 30 जुलाई को एक सम्मेलन हुआ। इसमें मांग उठी कि सीएम नीतीश को उत्तर प्रदेश की किसी भी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाया जाए। यूपी जेडीयू के प्रभारी और बिहार सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बुधवार को इसका खुलासा किया। उन्होंने कहा कि यूपी में कई जगहों से कार्यकर्ता और समर्थक नीतीश कुमार को उनके यहां से चुनाव लड़ाने की मांग कर रहे हैं।