नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में पिछले पांच वर्षों के दौरान संगठित क्षेत्र में सिर्फ 12.2 लाख नई नौकरियों का सृजन हुआ। उन्होंने यह दावा भी किया कि भाजपा के शासनकाल में युवाओं का भविष्य अंधकारमय है। खडग़े ने ट्वीट किया, 'मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत में पिछले पांच वर्षों में संगठित क्षेत्र की केवल 12.2 लाख नई नौकरियां सृजित की गईं।
इसका मतलब यह है कि प्रति वर्ष औसतन केवल 2,44,000 नौकरियां मिलीं। हम इस आंकड़े को पेश नहीं कर रहे हैं। यह मोदी सरकार ही है जिसने यह विमर्श गढ़ा कि ईपीएफ (कर्मचारी भविष्य निधि) में नियमित खाताधारकों की संख्या का मतलब उतनी नौकरियों का सृजन होता है! ईपीएफ डेटा इसकी पुष्टि करता है।' उन्होंने दावा किया, 'भाजपा ने प्रति वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था! यानी 9 साल में 18 करोड़ नौकरियां पैदा हो सकती थीं। हमारा युवा अंधकारमय भविष्य की ओर देख रहा है।