जयपुर : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महात्मा गांधी के विचारों से जुडऩे का युवा पीढ़ी से आह्वान करते हुए मंगलवार को कहा कि देश के तनाव भरे माहौल में उनके संदेशों का बड़ा महत्व है। गहलोत ने मंगलवार को बिड़ला सभागार में शांति एवं अहिंसा विभाग के राजस्थान गांधी दर्शन प्रशिक्षणार्थी सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि देश के तनाव भरे माहौल में महात्मा गांधी के संदेशों का बड़ा महत्व है। उनके मूल्यों एवं सिद्धांतों पर चलकर ही शांति व अहिंसा की स्थापना संभव है। हमें इसी राह पर आगे बढ़ते हुए लोकतंत्र को अधिक मजबूत बनाना होगा और देश की प्रगति में अहम भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि गांधी दर्शन प्रशिक्षणार्थी ही राजस्थान की सबसे बड़ी पूंजी हैं और ये प्रशिक्षणार्थी राजस्थान के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में सत्य, शांति और अहिंसा की भावना बढ़ें, इसी सोच पर राज्य सरकार आगे बढ़ रही है। गहलोत ने कहा कि शांति और अहिंसा से ही समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारा कायम रह सकता है। यही हमारी संस्कृति का मूल आधार भी है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को गांधीजी के विचारों से जुडऩा चाहिए। गांधीजी की जीवनी 'सत्य के प्रयोगÓ का अध्ययन हर व्यक्ति को अवश्य करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व के कई देशों में तनावपूर्ण माहौल है, लेकिन भारतीय संविधान में गांधीजी की भावना निहित होने से भारत आज भी अखंड और मजबूत है।