पुणे (महाराष्ट्र) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को पुणे का दौरा करेंगे और इस दौरान वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही उन्हें लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित भी किया जाएगा। पुणे पहुंचने के बाद मोदी दगडूशेठ मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री को सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। लोकमान्य तिलक की विरासत का सम्मान करने के लिए 1983 में तिलक स्मारक मंदिर ट्रस्ट द्वारा इस पुरस्कार की शुरुआत की गई थी।

बयान के मुताबिक, यह पुरस्कार उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने राष्ट्र की प्रगति और विकास के लिए काम किया है और जिनके योगदान को उल्लेखनीय एवं असाधारण कार्य के तौर पर देखा जा सकता है। यह पुरस्कार हर साल एक अगस्त को लोकमान्य तिलक की पुण्यतिथि पर दिया जाता है। आयोजकों ने पहले बताया था कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार को समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष रोहित तिलक ने सोमवार को पुष्टि की कि पवार पुरस्कार समारोह में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं है।

पवार मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार, महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस तथा न्यासी सुशील कुमार शिंदे भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।Ó रोहित तिलक ने कहा कि उनका संगठन गैर-राजनीतिक है और पुरस्कार सभी वर्गों के लोगों को दिया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी इस पुरस्कार से सम्मानित होने वाले 41वें व्यक्ति होंगे। इससे पहले यह पुरस्कार पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा और प्रणब मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह, मशहूर व्यवसायी एन आर नारायणमूर्ति तथा 'मेट्रो मैनÓ ई श्रीधरन को प्रदान किया जा चुका है। बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधाशिला रखेंगे एवं उनका उद्घाटन करेंगे।