चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वंचितों को अधिकार प्रदान करने और भारत को एक नयी वैश्विक पहचान दिलाने के लिए काम किया है। मनोहर लाल ने रेवाड़ी जिले के गंगाइचा अहीर गांव में आयोजित अपने जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार अंत्योदय के दर्शन का पालन करते हुए लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि जन संवाद का आयोजन जमीनी स्तर पर अधिकतम लोगों तक पहुंचने का एक माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वंचितों को अधिकार प्रदान करने और भारत को एक नयी वैश्विक पहचान दिलाने के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े आठ वर्षों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाते हुए भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए कई कदम उठाए हैं और कुछ हद तक सफलता भी मिली है। मनोहर लाल ने कहा कि मेहनतकश युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार मिल रहा है ।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से कहा कि अगर कोई नौकरी दिलाने का वादा कर उनसे पैसे की मांग करता है तो वे इसकी जानकारी उनके साथ साझा कर सकते हैं और ऐसे भ्रष्ट लोगों को 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे डालने का वादा भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार पहचान पत्र विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, इसलिए प्रत्येक परिवार को परिवार पहचान पत्र अवश्य बनवाना चाहिए। खट्टर ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) कार्यालय खोले जाएंगे।