प्रकृति ने इस पृथ्वी को सजाने के लिए अनेक नैसर्गिक उपहार दिए हैं, जिसमें फूल विशेष स्थान रखते हैं। इस संसार में ना जाने कितने रंग-बिरंगे, भिन्न-भिन्न आकृति प्रकृति वाले सुगंधित पुष्प हैं। इन्हीं फूलों की दुनिया से एक खूबसूरत फूल हैं, जो मुर्गे की कलगी वाली आकृति के कारण ‘मुर्गकेश’ के नाम से जाना जाता है। यह रंग-बिरंगा मखमली फूल मूलतः एशिया तथा अफ्रीका में होता है परंतु भारत में भी इसे व्यापक रूप में देखा जा सकता है। यह फूल जीनस सेलोसिया अमरेन्थेसी कुल का है।
इस सजावटी फूल को घर के अंदर तथा बाहर दोनों जगह लगाया जा सकता है। वसंत के अंतिम समय इसकी फसल उगाने के लिए उपयुक्त होता है तथा यह अंतिम शरद ऋतु तक पुष्पित रहता है, जबकि उष्णकटिबंधीय और कटिबंधीय क्षेत्रों में इसे बारह माह उगाया जा सकता है। यह पौधा 1 मीटर तक बढ़ता है, पत्ते गहरे हरे तथा मोटे होते हैं जिनमें प्रत्यक्ष रिब्स होती हैं। फूल चमकीले और रंगीन होते हैं तथा 6 से 8 सप्ताह तक पुष्पित होते हैं। इस फूल को पर्याप्त तापमान की आवश्यकता होती है। यदि आप इसे घर के भीतर लगाते हैं तो एक अच्छी उपज के लिए दक्षिणी और पश्चिमी दिशा की ओर रखें।