नई दिल्ली: लगातार दूसरे वर्ष महत्वपूर्ण त्योहारी मौसम के दौरान स्मार्टफोन की बिक्री कम हो सकती है। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि बीते कुछ महीनों में कई नए फोन बाजार में उतारे गए हैं और स्मार्टफोन की औसत बिक्री मूल्य में गिरावट भी आई है। बावजूद इसके उपभोक्ता मांग कम बनी हुई है। इसके चलते त्योहारों में स्मार्टफोन की बिक्री पिछले साल के उच्चतम स्तर तक भी नहीं पहुंच पाएगी। मार्केट शोध फर्म इंटरनेशनल डेटा कॉरपोरेशन (आईडीसी) के अनुसार, कैलेंडर वर्ष 2023 की पहली तिमाही में स्मार्टफोन का शिपमेंट पिछले साल की तुलना में 16 फीसदी घटकर 3.1 करोड़ यूनिट रह गया।
यह पिछले चार वर्षों में पहली तिमाही की सबसे कम शिपमेंट है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार यदि बिक्री प्रभावित होती है तो कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह की छूट की पेशकश कर सकती हैं। ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (ऐमरा) के संस्थापक और अध्यक्ष कैलाश लख्यानी ने कहा कि अब तक मांग में सुधार और त्योहारी सीजन की पेशकश के कोई संकेत नहीं हैं। गौरतलब है कि त्योहारी सीजन के दौरान भारत के वार्षिक स्मार्टफोन शिपमेंट का हिस्सा 60 से 65 तक फीसदी होता है।
बाजार विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि देश में ऑनलाइन के बजाए अब मोबाइल की ऑफलाइन बिक्री बढ़ रही है। इसका बड़ा कारण यह है कि कई मोबाइल कंपनियां देशभर की दुकानों में अपनी पहुंच बढ़ा रही हैं। साथ ही ऑनलाइन की तरह ही छूट मिलने के कारण ऑफलाइन की मांग बढ़ी है। दुकानों से खरीदारी करते हुए ग्राहक उत्पाद को अच्छी तरह से जांच परख सकता है। इसके चलते भी त्योहारों के दौरान ऑनलाइन बिक्री की हिस्सेदारी ऑफलाइन की तुलना में कम हो जाएगी।