पटना : जेडीयू ने संसद के मानसून सत्र में अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। ये व्हिप लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों के लिए अलग-अलग जारी किया गया है। व्हिप राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह को भी जारी किया गया है। हरिवंश जदयू कोटे से राज्यसभा सदस्य हैं। लोकसभा सांसदों के लिए जहां सरकार के खिलाफ कांग्रेस की तरफ से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए कहा गया है, तो वहीं राज्यसभा सांसदों को केंद्र सरकार की तरफ से दिल्ली के कानून में संशोधन संबंधी विधेयक के खिलाफ वोट करने के लिए कहा गया है। इससे पहले बुधवार की देर शाम जेडीयू संसदीय दल की बैठक गोपालगंज के सांसद आलोक कुमार सुमन के आवास पर हुई। इसकी अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने की। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद ये व्हिप जारी किया गया है।
राज्यसभा के उपसभापति और जदयू सांसद हरिवंश नारायण सिंह को भी व्हिप जारी किया गया है। उनके कार्यालय ने एएनआई से व्हिप मिलने की पुष्टि की है। हाल ही में हरिवंश कई मौकों पर पार्टी की लाइन से अलग चलते दिखे, जिसके बाद उनके और पार्टी के बीच मनमुटाव की बातें सामने आई थीं। हालांकि बिहार के सीएम नीतीश कुमार जब सांसदों से मिल रहे थे तब हरिवंश भी उनसे मिलने पहुंचे थे। अब देखना ये होगा कि हरिवंश पक्ष या विपक्ष में कहां वोट करते हैं। पार्टी की तरफ से जारी व्हिप में कहा गया है कि जेडीयू के सभी सदस्य 27 जुलाई से 11 अगस्त तक सदन में निश्चित रूप से उपस्थित होंगे। इस दौरान ये विपक्षी दलों के निर्णय के अनुसार कांग्रेस की तरफ से लाए गए सरकार के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करेंगे। वहीं, पार्टी की तरफ से जारी राज्यसभा सांसदों के व्हिप में लिखा गया है कि सभी सदस्य 11 अगस्त तक सदन शुरू होने से लेकर स्थगित होने तक सदन में मौजूद रहेंगे और केंद्र सरकार के दिल्ली को लेकर लाए गए बिल के विरोध में वोट करेंगे।