बिजनीः 54वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल व इसकी सभी समवाय, सीमा चौकियों द्वारा आज 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में मेगा पौधारोपण अभियान छेड़ा। मालूम हो कि 26 जुलाई 1999 के दिन हमारे देश के सैनिकों ने कारगिल के युद्ध में विजय प्राप्त की थी। इसी दिन हम भारत वासियों द्वारा कारगिल युद्ध में शहीद हुए अपने वीर भारतीय सैनिकों को उनके बलिदान के लिए श्रद्धांजलि देते हैं। उक्त कार्यक्रम के दौरान वाहिनी मुख्यालय, सीमा चौकी कैंपस, सार्वजनिक स्थलों तथा स्कूलों में बड़ी संख्या में पौधारोपण कराया गया जिसमें बलकर्मियों के साथ संदिक्षा सदस्य, स्थानीय ग्रामीण तथा विद्यार्थियों ने अपना योगदान दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 54वीं वाहिनी के दंडपाल महोदय ने बताया कि पौधारोपण पर्यावरण को बेहतर बनाने में मदद करता है। हवा को शुद्ध करते हैं और पानी को संरक्षित रखते हैं जिससे हमारा पर्यावरण का संतुलन बना रहता है। पेड़-पौधे हमारे जीवन के अभिन्न अंग होते हैं, हमारे स्वस्थ जीवन के लिए इनकी महत्वपूर्ण आवश्यकता होती है, पौधारोपण से हमें स्वच्छ वातावरण और ऑक्सीजन की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनमानस में काफी उत्साह देखने को मिला और सभी ने इस पहल की प्रसंशा की।