नई दिल्ली: फंसे कर्जों का बोझ कम करने के लिए सरकार और आरबीआई के स्तर पर किए गए उपायों से बैंक पिछले नौ साल में 10 लाख करोड़ रुपए से अधिक राशि की वसूली करने में सफल रहे हैं। आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, देश के अधिसूचित वाणिज्यिक बैंकों ने पिछले नौ वित्त वर्षों में कुल 10,16,617 करोड़ रुपए की वसूली की है। बड़े कर्जों से संबंधित आंकड़ों के केंद्रीय संग्राहक (सीआरआईएलसी) के मुताबिक, अधिसूचित बैंकों का 1,000 करोड़ रुपए से अधिक कर्ज वाली कंपनियों पर बकाया मार्च, 2023 के अंत में 1,03,975 करोड़ रुपए था। आरबीआई की तरफ से गठित सीआरआईएलसी कर्जदाताओं के कर्जों के बारे में आंकड़ों को एकत्रित, भंडारण और विश्लेषण करता है। बैंकों के लिए साप्ताहिक आधार पर उसे आंकड़े देना जरूरी होता है। आरबीआई का आंकड़ा बताता है कि बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के 20 करोड़ रुपए या उससे अधिक फंसे कर्जों की मात्रा पिछले पांच वर्षों में घटी है। वित्त वर्ष 2018-19 के अंत में बकाया एनपीए 7,09,907 करोड़ रुपए था, लेकिन मार्च, 2023 में यह घटकर 2,66,491 करोड़ रुपए रह गया। (
बैंकों ने नौ साल में 10 लाख करोड़ से अधिक बकाया कर्ज वसूला: रिजर्व बैंक