वाशिंगटन : अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन का प्रशासन यूक्रेन को 40 करोड़ अमरीकी डॉलर तक की अतिरिक्त सैन्य सहायता भेज रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, इस सैन्य सहायता में हवाई रक्षा प्रणाली के लिए अलग अलग तरह के बम, कुछ निगरानी होर्नेट ड्रोन शामिल हैं। सहायता में 'हाई मोबिलिटी आर्टिलेरी रॉकेट सिस्टम' (एचआईएमएआरएस) और 'नेशनल एडवांस्ड सर्फेस-टू-एयर मिसाइल सिस्टमÓ (एनएएसएएमएस) की मिसाइलें शामिल हैं। राष्ट्रपति के 'ड्रॉडाउन' (इसके तहत रक्षा विभाग के भंडारण से अन्य देशों को हथियारों की आपूर्ति करने की इजाजत है) अधिकार के तहत यूक्रेन को ये हथियार दिए जा रहे हैं।  अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि अमेरिका हॉवित्जर तोप के गोले, 32 स्ट्राइकर बख्तरबंद वाहन, मोर्टार, हाईड्रा-70 रॉकेट और छोटे हथियारों के 2.8 करोड़ कारतूस भी भेज रहा है। हॉर्नेट छोटे नैनो-ड्रोन हैं जिनका उपयोग बड़े पैमाने पर खुफिया जानकारी जुटाने के लिए किया जाता है। अन्य पश्चिमी सहयोगियों से यूक्रेन को पहले भी ये ड्रोन मिले थे।